एफएनएन , देहरादून : देहरादून में बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं। उनके चचेरे साले राज सिंह चौहान ने अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर मारपीट करने, जान से मारने की कोशिश और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
कैफे में बातचीत के दौरान विवाद का आरोप
राज सिंह चौहान एक कार कंपनी के शोरूम में नौकरी करता है। उसकी तहरीर के मुताबिक 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उससे मिलने पहुंचे थे। काम में व्यस्त होने के कारण राज ने बाद में मिलने की बात कही।
राज सिंह का आरोप है कि रात करीब 8 बजे वह एक कैफे पहुंचा, जहां अनुराग डोभाल और उनके साथी कार में मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। तहरीर में राज ने आरोप लगाया कि अनुराग डोभाल ने उसे धमकी दी और इसके बाद पीछे से उसका गला दबाने तथा मोबाइल छीनने की कोशिश की।
लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मोबाइल नहीं छीन पाने के बाद अनुराग ने अपने साथियों से उसे जान से मारने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद उसे कार के नीचे डालने की कोशिश की गई और लोहे की रॉड या किसी अन्य वस्तु से उसके सिर, छाती और मुंह पर वार किए गए।
तहरीर में एक आरोपी पर चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। राज सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक उसकी घड़ी और सोने की चेन भी निकाल ली गई।
पत्नी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद
बताया जा रहा है कि राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका, अनुराग डोभाल की पत्नी हैं। दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए अनुराग ने राज सिंह को बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।
पुलिस पर भी लगाए गए आरोप
राज सिंह चौहान ने अपनी शिकायत में पुलिस पर भी आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि जब आरोपी उसका मोबाइल नहीं खोल पाए तो अनुराग डोभाल ने एसएसपी को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित ने बाईपास चौकी प्रभारी पर भी आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। राज का दावा है कि उसका मोबाइल भी पुलिस ने ले लिया था और चौकी में अनुराग डोभाल की इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार अनुराग डोभाल को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में कुल चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविकता जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस सभी आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी।








