एफएनएन, देहरादून : Harish Rawat उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के देहरादून स्थित कार्यालय पहुंचे। उन्हें 2016 के भर्ती मामले से जुड़े प्रकरण में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। रावत इस दौरान अपनी मां की तस्वीर साथ लेकर ED कार्यालय पहुंचे।
ED कार्यालय पहुंचने से पहले हरीश रावत ने कहा कि वह अपनी मां, जगदंबा मां और धरती मां का स्मरण करके यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि वह अकेले आए हैं और किसी को अपने साथ आने के लिए नहीं कहा।
हरिद्वार में मां गंगा का लिया था आशीर्वाद
इससे पहले हरीश रावत हरिद्वार पहुंचे थे, जहां उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की थी।
बोले- कांग्रेस कार्यकर्ता मेरी बड़ी ताकत
ED पूछताछ को लेकर रावत ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं, अपने पूर्व ओएसडी से जुड़े आरोपों पर उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले सीबीआई और ईडी का खेल शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद पता चलता है कि इसके पीछे क्या हो रहा था।
बता दें कि ED की कार्रवाई 2016 के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत हो रही है। सितंबर में रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना से जुड़े परिसरों पर भी ED ने कार्रवाई की थी।
पार्टी के फैसले को बताया सर्वोपरि
कांग्रेस में इस्तीफे से जुड़े सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। फिलहाल उन्होंने खुद को पार्टी का एक सिपाही बताया।







