एफएनएन, नैनीताल : Nainital उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैनीताल घूमने आए लखनऊ के छह पर्यटक उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब उनकी टवेरा कार ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि चार अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे पहुंचते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। खाई की गहराई और कठिन भू-भाग के बावजूद बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में वाहन चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य चार पर्यटकों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। इस हादसे ने नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की सुखद यात्रा को दर्दनाक अनुभव में बदल दिया।







