एफएनएन, लक्सर : Haridwar के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या कर उनके शव जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिए गए। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी कि दो साधु कई दिनों से लापता हैं और उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका है। सूचना के आधार पर पथरी थाना पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मंदिर के पास जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







