एफएनएन, देहरादून : Kedarnath रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गौरीकुंड से करीब दो किलोमीटर आगे छोड़ी क्षेत्र के पास एक 25 वर्षीय युवक गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को अलर्ट किया, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
दुर्गम रास्ते में चलाया गया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट गौरीकुंड से टीम कमांडर आशीष डिमरी के नेतृत्व में एक विशेष रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ और वाईएमएफ के साथ समन्वय स्थापित किया और संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अंधेरे, खड़ी ढलानों और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने खाई में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर गौरीकुंड लाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल किया गया रेफर
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान मोहित रावत (25) पुत्र दर्शन रावत, निवासी ग्राम बड़ासू, रामपुर, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। गौरीकुंड पहुंचने पर उसे प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसडीआरएफ की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से युवक की जान बच गई। स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू टीम की सराहना करते हुए जवानों की तत्परता की प्रशंसा की, वहीं परिजनों ने भी सफल और समय पर किए गए बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ का आभार व्यक्त किया।







