एफएनएन, चमोली : उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में सुरक्षा और धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन का मामला सामने आया है। चमोली पुलिस ने मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे के जरिए अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक युवक को पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, जांच में युवक की पहचान मुंबई के नोहर रोड निवासी जयप्रकाश पांडे के रूप में हुई। आरोप है कि वह मंदिर के गर्भगृह जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र में स्पाई कैमरे की मदद से वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर रहा था। यह मंदिर प्रशासन के निर्धारित नियमों, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन माना गया।
मामले की जानकारी मिलते ही चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत युवक का चालान किया। इसके साथ ही उसके पास मौजूद गर्भगृह से संबंधित सभी वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट कराए गए, ताकि मंदिर की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहे।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बदरीनाथ धाम सहित सभी धार्मिक स्थलों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मंदिर की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक गरिमा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







