Saturday, February 14, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तराखंडतेज रफ्तार बाइकर ने वरिष्ठ डॉक्टर को सड़क पर टक्कर मारी

तेज रफ्तार बाइकर ने वरिष्ठ डॉक्टर को सड़क पर टक्कर मारी

एफएनएन, हल्द्वानी: शहर में रैश ड्राइविंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. खासकर ठंडी सड़क और आंतरिक मार्गों पर देर रात तेज रफ्तार बाइक सवारों का आतंक देखने को मिल रहा है. ताजा मामला कृष्णा अस्पताल के सामने का है. यहां तेज रफ्तार बाइक चला रहे एक युवक ने शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरभजन सिंह को टक्कर मार दी. हादसे में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

बाइकर ने अस्पताल के बाहर डॉक्टर को मारी टक्कर: हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रैश ड्राइविंग का एक और मामला सामने आया है. घटना कृष्णा अस्पताल के पास की है. यहां एक युवक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए अस्पताल के ही डॉक्टर को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है.

एसएसपी ने अस्पताल जाकर डॉक्टर का हालचाल जाना: घटना के बाद शुक्रवार को नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर डॉ. हरभजन सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात: फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार तेज रफ्तार में आया और डॉक्टर को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंडी सड़क पर देर रात युवाओं द्वारा स्टंटबाजी और तेज रफ्तार बाइक चलाने की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं. लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है.

एसएसपी ने कहा रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं होगी: इस पर एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि- हल्द्वानी शहर में रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ठंडी सड़क समेत अन्य संवेदनशील आंतरिक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण किया जा सके. इसके अलावा परिवहन विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाएंगे. बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त चालान की कार्रवाई की जाएगी. -डॉ मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल-

हल्द्वानी पुलिस की लोगों से अपील: एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी रैश ड्राइविंग की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments