- नए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार संभालेंगे कार्यभार, सम्मानित हुए हेड कांस्टेबिल विनोद प्रकाश डबराल, सुषमा रानी
एफएनएन, देहरादूनः उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस लाइन में भव्य परेड के दौरान उन्हें पुलिस कर्मियों की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। विदाई समारोह में कई ऐसे मौकेभीआए जब डीजीपी रतूड़ी भावुक हो उठे। पुलिस परेड में उन्हें शानदार सलामी भी दी गई।
अनिल रतूड़ी 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद अशोक कुमार राज्य के नए डीजीपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। डीजीपी रतूड़ी की विदाई परेड में हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी रतूड़ी ने परेड के सफल आयोजन के लिए डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार, डीआईजी दून अरुण मोहन जोशी को विशेष रूप से बधाई दी।

इससे पहले पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखंड स्थापना से लेकर अब तक पुलिस महानिदेशक अनिल के रतूड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका नाम पुलिस के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। डीजीपी के रूप में श्री रतूड़ी ने उत्तराखंड पुलिस को दक्ष बनाया। उनके नाम पर कई बड़ी उपलब्धियां हैं। उन्होंने कई सफल अभियान चलाए जिन्हें आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हेड कांस्टेबल विनोद प्रकाश डबराल और हाल ही में हुई प्रतियोगिता में प्रदेश में पहला और देश में दूसरा स्थान पाने वाली हेड कांस्टेबल सुषमा रानी पीएसी को सम्मान पत्र भेंट किया गया।
परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीओ सिटी शेखर सेवा पल्लवी त्यागी ने किया। सबसे पहले पुलिस महानिदेशक ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों की सलामी ली। परेड में ट्रैफिक पुलिस, नागरिक पुलिस बल, पुलिस पीएसी वाहिनी, आईआरबी, फायर ब्रिगेड, सीपीयू की टुकड़ी शामिल रही।