रेलवे स्टेशन से विधायक कार्यालय तक निकला भव्य विजय जुलूस, खुली जीप में सवार दिखे विधायक तिलक राज बेहड़ और राजेश प्रताप सिंह; फूलों की बारिश, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजा किच्छा
एफएनएन, किच्छा : Rajesh Pratap निकाय चुनाव में 6200 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस नेता राजेश प्रताप सिंह का किच्छा में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। हजारों लोगों की भीड़, फूलों की बारिश, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जबरदस्त आतिशबाजी के बीच पूरा किच्छा कांग्रेसमय नजर आया। जुलूस में क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ की मौजूदगी ने राजनीतिक उत्साह को और बढ़ा दिया।
विजय जुलूस की शुरुआत रेलवे स्टेशन से हुई। यहां से खुली जीप में सवार विधायक तिलक राज बेहड़ और राजेश प्रताप सिंह समर्थकों के विशाल काफिले के साथ आगे बढ़े। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और तिलक राज बेहड़ जिंदाबाद, तराई का शेर जिंदाबाद के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। जुलूस में राष्ट्रीय ध्वज भी लहराया गया।
इस विजय जुलूस में कांग्रेस के बड़ी संख्या में जीते सभासद शामिल हुए। राजेश प्रताप सिंह की पत्नी ने भी जुलूस में शिरकत कर समर्थकों का उत्साह बढ़ाया। वाहनों का लंबा काफिला और सड़कों पर उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ जीत के जश्न की भव्यता बयां कर रही थी। महिलाओं ने भी उत्साह के साथ भागीदारी की। जगह-जगह स्वागत और आतिशबाजी के बीच जुलूस विधायक कार्यालय पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
जनता के हर वोट का कर्ज चुकाऊंगा: राजेश प्रताप
विजय जुलूस के दौरान राजेश प्रताप सिंह ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह लोगों से किए गए हर वादे पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें समर्थन दिया है, उस भरोसे को टूटने नहीं देंगे और एक-एक वोट का कर्ज चुकाएंगे। उनका कहना था कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी।
वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। समर्थकों में उनके प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। चुनावी जीत के बाद निकले इस विशाल जुलूस ने किच्छा में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के जोश को खुलकर सामने रखा।
6200 वोटों की जीत के बाद निकले इस विजय जुलूस में उमड़ी भीड़ ने जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को नई ऊर्जा दी, वहीं राजेश प्रताप सिंह के सामने अब जनता से किए वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती भी है।







