Thursday, February 12, 2026
03
20x12krishanhospitalrudrapur
IMG-20260201-WA0004
previous arrow
next arrow
Shadow
Homeराज्यउत्तर प्रदेशनन्हें कलाकारों ने बिखेरी देशप्रेम, अध्यात्म, संस्कृति के रंगों की अनूठी छटा

नन्हें कलाकारों ने बिखेरी देशप्रेम, अध्यात्म, संस्कृति के रंगों की अनूठी छटा

प्रेटी पेटल्स किड्स जोन स्कूल का भव्य वार्षिकोत्सव

फतेहगंज पश्चिमी-बरेली। प्रेटी पेटल्स किड्स जोन स्कूल का रंगारंग वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

नन्हें बच्चों ने नृत्य, संगीत, नाट्यमंचन की दो दर्जन से अधिक बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

नन्हें शिशुओं की एक टोली ने देशभक्ति गीत पर मनभावन सामूहिक नृत्य पेश कर तालियां बटोरीं। इन बच्चों को प्रेमपाल गंगवार, संजीव शर्मा, रवींद्र सिंह चौहान ने प्रमाणपत्र देकर, मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

कश्मीर की पृष्ठभूमि पर बेस्ड समूह गान-बुमरो-बुमरो, श्याम रंग बुमरो, आए हो किस बगिया से, ओ-ओ तुम-की शानदार प्रस्तुति पर भी पंडाल देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। बच्चों को आशीष पांडेय, खेमपाल गंगवार, सौरभ पाठक, गणेश ‘पथिक’ ने सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधक श्री पांडेय ने इन अतिथियों को फूलमालाएं पहनाकर और स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। गायत्री परिवार की बहनों डॉ. दीपमाला पांडेय, उपासना शर्मा आदि ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया। प्रबंध समिति अध्यक्ष श्रीमती कमला पांडेय ने इन बहनों को सम्मानित किया।

गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिब्राजक पंडित लीलाधर शर्मा ने अपने प्रेरणाप्रद उद्बोधन में समझाया कि माताएं शिशु को मनुष्य से देवता बनाने की अनूठी दैविक संस्कारशालाएं हैं। कहा-भौतिक विकास की चकाचौंध में आध्यात्मिक, नैतिक और चारित्रिक उत्थान की उपयोगिता को हरगिज़ भी विस्मृत न करें।

समारोह के मुख्य अतिथि बीएसएफ भिटौरा के डिप्टी कमांडेंट दिनेश सिंह ने अपने प्रेरणाप्रद संबोधन में बताया कि राष्ट्र निर्माण में माता, विद्यालय और शिक्षकों का अतुलनीय और महान योगदान होता है क्योंकि यही संस्कारक्षम, बहुमुखी प्रतिभा से भरी नई पीढ़ी का विकास कर सकते हैं। देश को वास्तविक रूप से विकसित बनाना है तो हमें सबसे बड़ी पूंजी नई पीढ़ी के बहुमुखी विकास पर ध्यान केंद्रित करना ही होगा।

बच्चों को रमन जायसवाल, प्रेमपाल गंगवार, संजीव शर्मा, रवींद्र सिंह चौहान आदि ने सम्मानित किया।

नन्हें-मुन्नों की टोली ने “इक मोड़ आया, मैं उत्थे दिल छोड़़ आया”-गीत पर सामूहिक नृत्य किया और खूब तालियां बटोरीं। पूर्व चेयरमैन केपी मौर्य, कुर्मी क्षत्रिय महासभा के तहसील अध्यक्ष चेतराम गंगवार ने इन बच्चों को मेडल पहनाए। नन्हें कलाकारों द्वारा मंचित संदेशप्रद ‘ओल्ड एज होम’ नाटक को भी खचाखच भरे पंडाल में उपस्थित जन समूह द्वारा जमकर सराहा गया। एक छोटी बच्ची ने झुमका गिरा रे-गीत पर सुंदर नृत्य किया और सबकी प्रशंसा अर्जित की। हम वक्त बदल देंगे, जज्बात बदल देंगे-बच्चों के गीत को भी खूब सराहा गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत के ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर, मुख्य अतिथि बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट दिनेश सिंह ने नाटक मंचित कर वाहवाही बटोरने वाले नन्हें कलाकारों का मेडल पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर उत्साह बढ़ाया। ईओ श्री राठौर ने कहा-“बच्चे सुशिक्षित-सुसंस्कारित होंगे, तभी अपनी, परिवार समाज की बेहतरी के लिए कार्य कर सकते हैं। प्रबंधक दिनेश पांडेय ने ईओ को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल यदुवंशी ने किया।

नयना भीगे-भीगे जायें कैसे खुशी छुपाएं-राम आएंगे-नृत्य गीत पर भी बच्चों ने नयनाभिराम प्रस्तुति दी और तालियां बटोरीं।
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सत्यदेव यदुवंशी ने स्मृति चिह्न देकर और मेडल पहनाकर इन बच्चों का उत्साहवर्धन किया। गीता तोमर, शिखा आदि बहनों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
बच्चों की अंतिम प्रस्तुति होली गीत-होली के रंग मा झूमे बाजे ढोल-और सामूहिक अभिनय गीत की प्रस्तुति भी काफी सराहनीय रही। समारोह को सफल बनाने स्कूल के पूरे स्टाफ ने सराहनीय सहयोग किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments