एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar बारिश के चलते रविवार रात कई जगहों पर व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। पेड़ की चपेट में आने से लोग बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर आमतौर पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की काफी आवाजाही रहती है। शाम के समय यहां भीड़ भी रहती है। हालांकि, जिस वक्त पेड़ गिरा उस समय मौके पर ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग किया। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने का काम शुरू किया गया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक आसपास की आवाजाही भी प्रभावित रही।








