एफएनएन, चमोली : बदरीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान की दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (63), पत्नी मदन और रामू देवी (71), पत्नी अमर के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं राजस्थान की रहने वाली थीं।
सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा
थाना प्रभारी महादेव उनियाल के अनुसार, हादसा आज सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया गया कि दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों कुंड के अंदर बेहोश हालत में मिलीं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया
दोनों महिलाओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।







