एफएनएन, कुवैत: कुवैत में अमेरिका के एक एफ-15 फाइटर जेट क्रैश कर गया है। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियों में पायलट खुद को लड़ाकू विमान से इजेक्ट करते हुए दिख रहा है। सोमवार को ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी Islamic Republic News Agency (IRNA) ने दावा किया कि कुवैत के ऊपर अमेरिकी एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है। एजेंसी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा कि सोमवार सुबह कुवैत के आसमान में एक अमेरिकी F-15 Eagle को निशाना बनाया गया।
अभी तक अमेरिका और कुवैत की ओर से पुष्टि नहीं
IRNA ने एक वीडियो क्लिप भी साझा की है, जिसके बारे में उसका कहना है कि इसमें अमेरिकी एफ-15 के गिराए जाने का दृश्य दिखाया गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी तक अमेरिका या कुवैत की ओर से इस कथित घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पायलट के सुरक्षित होने का दावा
सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक क्लिप में पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिख रहा है, जबकि दूसरी क्लिप में एक एयरक्राफ्ट तेजी से गिरता हुआ दिख रहा है, जो टकराने से पहले स्टॉल-स्पिन में था। X पर चल रहे एक वीडियो में दिख रहा है कि पायलट को जमीन पर खड़े लोग मदद कर रहे हैं, फिर उसे कार के पीछे बिठाकर किसी अनजान जगह पर ले जाया जाता है। लोकल कवरेज में बताए गए कुवैती सूत्रों ने बताया कि पायलट को गंभीर चोटें नहीं आईं।
कुवैत में अमेरिकी दूतावास से धुआं उठते देखा गया
कुवैत के उस इलाके में सोमवार को धुआं उठता देखा गया जहां अमेरिकी दूतावास स्थित है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह दावा किया। इससे पहले इलाके में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को दूतावास से दूर रहने की सलाह दी गई थी। कुवैत में अमेरिकी दूतावास के पास रहने वाले मिस्र के श्रमिक अयमान मोआद ने बताया कि उसने सोमवार को इलाके में धुआं देखा। हालांकि, अयमान को यह जानकारी नही थी कि क्या यह हमला विशेष रूप से उस दूतावास को निशाना बनाकर किया गया था। इससे पहले, अमेरिका ने वहां मौजूद अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और घरों के भीतर रहने की तत्काल चेतावनी जारी की थी। चेतावनी में बिना विस्तार से जानकारी दिए कहा गया था: “दूतावास न आएं।” इसके अलावा दुबई में भी कुछ स्थानों पर सोमवार को विस्फोट की आवाजें सुनाई दीं।







