एफएनएन, रुद्रप्रयाग : Forest Fire Uttarakhand उत्तराखंड में वनाग्नि रोकने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल अब असर दिखाने लगा है। रुद्रप्रयाग जिले की जखोली रेंज में ड्रोन निगरानी के दौरान जंगल में आग लगाते हुए एक व्यक्ति कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 20 मई की सुबह करीब 7:15 बजे तैला कक्ष संख्या-7 में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति जंगल में आग लगाता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अगले दिन वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की और जांच के आधार पर आरोपी की पहचान त्रिलोक सिंह जगवान निवासी ग्राम पंद्रोला कुमड़ी के रूप में की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग अब ड्रोन कैमरों और आधुनिक तकनीक की मदद से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है।






