एफएनएन, कोलकाता : ED Raid Kolkata पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग और कथित लैंड सिंडिकेट मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास और कथित लैंड माफिया बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से जुड़े मामलों में की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, शांतनु सिन्हा और सोना पप्पू फिलहाल ED की हिरासत में हैं। दोनों को इसी महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर जांच एजेंसी अब उनके करीबी कारोबारियों, होटल मालिकों और पुलिस अधिकारियों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
ED की एक टीम मध्य कोलकाता के रॉयड स्ट्रीट स्थित एक होटल पहुंची, जहां होटल प्रबंधन से पूछताछ के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। वहीं दूसरी टीम दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में एक पुलिस अधिकारी के घर पहुंची, जिसे शांतनु सिन्हा का करीबी बताया जा रहा है।
इस बीच, चौथी टीम मुर्शिदाबाद जिले के कंडी स्थित शांतनु सिन्हा की पुश्तैनी हवेली पहुंची। बताया गया कि हवेली लंबे समय से बंद थी, जिसके चलते ED अधिकारियों को मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। फिलहाल वहां दस्तावेजों और अन्य सबूतों की तलाश जारी है।
जांच एजेंसी अब मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। मामले में आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






