एफएनएन, उत्तराखंड : Tehri Road Accident टिहरी गढ़वाल जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें सवार सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जो घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। सभी लोग किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हरिद्वार गए थे और वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
रास्ते में जैसे ही वाहन नैल के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
8 लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी बृजेश भट्ट ने पुष्टि की कि हादसे में सभी आठ लोगों की मृत्यु हो गई है।
राहत और बचाव कार्य
स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन खाई की गहराई और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई।
पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम ने शवों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ आठ लोगों की मौत ने स्थानीय गांवों को गहरे सदमे में डाल दिया है।






