एफएनएन, कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम खालेमुरवेंड के पास तेज रफ्तार बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 12 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, एक महिंद्रा बस रायपुर से जगदलपुर की ओर यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए और पास में स्थित एक पेड़ से जा टकराए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





