- प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव में अब महामंत्री पद पर दो और कोषाध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवार मैदान में
रुद्रपुर : प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव में शनिवार को कोई नाम वापस न होने से अब यह चुनाव रोचक हो चला है। दाव और दबाव की राजनीति फेल होती हुई नजर आ रही है। जहां एक ओर महामंत्री पद पर हरीश अरोरा और मनोज छाबड़ा के बीच सीधी टक्कर है तो कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। यहां संदीप राव प्रचार में आगे दिख रहे हैं तो जमीनी स्तर पर पवन गावा पल्ली और बलविंदर सिंह बल्लू अपनी जड़े जमाए हैं। दोनों नेता पिछले काफी समय से तैयारी कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि कोषाध्यक्ष पद पर जनता किसका चुनाव करती है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के 11 वर्ष बाद हो रहे चुनाव राजनीति का बड़ा घेरा बन गए हैं। महामंत्री पद के लिए हरीश अरोरा पर जहां विधायक शिव अरोरा और तिलक राज बेहड़ का हाथ दिखाई दे रहा है तो दूसरी ओर मनोज छाबड़ा पर राजकुमार ठुकराल दाव लगा रहे हैं। पूर्व विधायक के भाई संजय ठुकराल दुकान-दुकान जाकर मनोज छाबड़ा के लिए वोट मांग रहे हैं। कोषाध्यक्ष पद की बात करें तो पवन गावा पल्ली और बलविंदर सिंह बल्लू जमीनी स्तर पर पिछले काफी दिनों से काम कर रहे हैं। वही संदीप राव के साथ छात्रों का बड़ा समर्थन दिखाई दे रहा है, ऐसे में यह कहना मुश्किल होगा कि व्यापारी किसका समर्थन करते हैं। इससे पहले तीनों में सामंजस्य बैठने के लिए काफी कोशिश भी हुई लेकिन कोई इसके लिए तैयार नहीं है। सभी अपनी जीत को लेकर आस्वस्थ हैं।
अब बात करें पवन गावा पल्ली की तो उनका बाजार में लगातार संपर्क रहा है। व्यापारियों के तमाम संघर्ष में वह जुड़े रहे हैं। संजय जुनेजा के साथ उन्होंने कदमताल की है। वहीं बलविंदर सिंह बल्लू का अपना बाजार में बड़ा नेटवर्क है। तमाम व्यापारी चेहरे उनका चुनाव लड़ाते दिख रहे हैं। संदीप राव युवा हैं, और उनके साथ में युवाओं की बड़ी टीम के साथ ही छात्र संघ के कुछ नेता भी नजर आ रहे हैं। प्रचार में वह सबसे आगे हैं। हर दो कदम पर उनका बोर्ड देखा जा सकता है। हालांकि यह प्रचार हकीकत में कितना गुल खिलाएगा यह देखना होगा।







