03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Uttarakhand हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 2013 के डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा पाए दो आरोपी बरी

एफएनएन , नैनीताल : उत्तराखंड हाईकोर्ट ने साल 2013 के चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में अहम फैसला सुनाते हुए उम्रकैद की सजा काट रहे दो आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने वजीर और अब्दुल गनी को संदेह का लाभ देते हुए उनकी दोषसिद्धि और सजा रद्द कर दी। कोर्ट के मुताबिक अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में नाकाम रहा। वहीं, मामले के अन्य आरोपी लियाकत और जफर को निचली अदालत से मिली बरी होने की राहत को भी हाईकोर्ट ने बरकरार रखा है।

यह फैसला न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने सुनाया। अदालत ने वजीर, अब्दुल गनी, यूसुफ और लियाकत से जुड़ी अपीलों पर एक साथ सुनवाई की थी। लियाकत और यूसुफ को निचली अदालत से मिली राहत को लेकर सरकार की ओर से भी अपील दाखिल की गई थी।

2013 में लापता हुई थी 15 वर्षीय किशोरी

मामले के अनुसार, 7 नवंबर 2013 को यूसुफ की 15 वर्षीय बेटी खतीजा अचानक घर से लापता हो गई थी। बाद में खतीजा और सजिद नाम के युवक के अवशेष बरामद हुए थे। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि वजीर और अब्दुल गनी की निशानदेही पर दोनों के कंकाल बरामद किए गए थे। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और संपत्ति से संबंधित अपराधों में आरोप पत्र दाखिल किया था।

2022 में निचली अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद

हरिद्वार की तृतीय अपर सत्र अदालत ने 14 जून 2022 को वजीर और अब्दुल गनी को आईपीसी की धारा 302, 201 और 404 के तहत दोषी करार दिया था। अदालत ने हत्या के मामले में दोनों को उम्रकैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके अलावा धारा 201 और 404 के तहत तीन-तीन साल के कठोर कारावास का भी आदेश दिया गया था। वहीं, लियाकत और जफर को आरोपों से बरी कर दिया गया था।

कंकालों की बरामदगी पर गवाहों के बयानों में विरोधाभास

हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के सबसे अहम साक्ष्य कंकालों की बरामदगी पर सवाल उठाए। अदालत ने पाया कि इस संबंध में गवाहों और पुलिस अधिकारियों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाते।

यूसुफ, कासिम और रियासत अली ने अपनी गवाही में बताया था कि कंकालों की बरामदगी के दौरान वजीर और अब्दुल गनी के साथ लियाकत और जफर भी मौजूद थे। जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि बरामदगी केवल वजीर और अब्दुल गनी की निशानदेही पर हुई थी और उस समय लियाकत व जफर मौके पर मौजूद नहीं थे।

कोर्ट ने यह भी पाया कि कंकाल जिस स्थान से मिले थे, वह खुला इलाका था और आम लोगों की पहुंच में था। यह जगह बदरीनाथ हाईवे से करीब 50 से 100 मीटर की दूरी पर थी। मौके पर पहले से भीड़ और पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी गवाहों के बयानों में अंतर सामने आया।

‘लास्ट सीन’ थ्योरी पर भी कोर्ट ने उठाए सवाल

अभियोजन पक्ष ने लियाकत और जफर के खिलाफ परिस्थितिजन्य साक्ष्य के तौर पर ‘लास्ट सीन’ थ्योरी पेश की थी। इमाम हुसैन और शमशेर सिंह नाम के गवाहों ने दावा किया था कि उन्होंने रात करीब 10:11 बजे खतीजा और सजिद को लियाकत व जफर के साथ देखा था।

हालांकि, हाईकोर्ट ने गवाहों के बयानों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि रात के समय पीछे से देखने के बावजूद आरोपियों की पहचान कैसे की गई, यह स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा, यदि गवाहों ने अगले दिन ही यूसुफ को इसकी जानकारी दे दी थी, तो गुमशुदगी की रिपोर्ट में लियाकत और जफर के नाम क्यों दर्ज नहीं कराए गए? इन परिस्थितियों के आधार पर अदालत ने गवाहों की गवाही को भरोसेमंद नहीं माना।

मोबाइल फोन की बरामदगी भी नहीं बनी पुख्ता कड़ी

मामले में मृतक सजिद के मोबाइल फोन की बरामदगी को भी अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य के रूप में पेश किया था। लेकिन हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसा कोई ठोस आधार नहीं मिला, जिससे यह साबित हो सके कि बरामद मोबाइल वास्तव में सजिद का ही था। इसलिए मोबाइल की बरामदगी के आधार पर किसी आरोपी को अपराध से जोड़ना संभव नहीं है।

हाईकोर्ट ने रद्द की दोषसिद्धि और सजा

खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा कि पूरा मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित था। ऐसे मामलों में अभियोजन को सभी परिस्थितियों को जोड़ने वाली ऐसी मजबूत और पूरी कड़ी पेश करनी होती है, जिससे आरोपी के दोषी होने के अलावा कोई दूसरा निष्कर्ष न निकले। लेकिन इस मामले में अभियोजन पक्ष ऐसी कड़ी स्थापित नहीं कर सका।

इसी आधार पर हाईकोर्ट ने वजीर और अब्दुल गनी को आईपीसी की धारा 302, 201 और 404 के आरोपों से बरी करते हुए निचली अदालत की दोषसिद्धि और सजा का आदेश रद्द कर दिया। कोर्ट ने निर्देश दिए कि यदि दोनों किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं, तो आवश्यक व्यक्तिगत मुचलका और दो जमानतदार पेश करने के बाद उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।

वहीं, लियाकत और जफर को बरी करने के निचली अदालत के फैसले को हाईकोर्ट ने बरकरार रखा।

Hot this week

Dehradun में आज रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन, 3 जगह होगी नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

एफएनएन, देहरादून : आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित आपदा से...

Kotdwar : खाई में गिरी ईको कार, हादसे में 6 लोगों के हताहत होने की सूचना

एफएनएन, कोटद्वार : पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक...

Uttarakhand में IAS और PCS अधिकारियों के बड़े तबादले, नैनीताल के DM भी बदले

एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में विधानसभा चुनाव 2027 से...

Topics

Kotdwar : खाई में गिरी ईको कार, हादसे में 6 लोगों के हताहत होने की सूचना

एफएनएन, कोटद्वार : पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक...

Uttarakhand में IAS और PCS अधिकारियों के बड़े तबादले, नैनीताल के DM भी बदले

एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand में विधानसभा चुनाव 2027 से...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img