एफएनएन, देहरादून : आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को जांचने के लिए देहरादून में आज रात सिविल डिफेंस की ओर से नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास के दौरान रात 10:05 बजे दो मिनट तक एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाकर ऑल क्लियर का संकेत दिया जाएगा। पूरी मॉक ड्रिल लगभग 25 मिनट तक चलेगी।
जिला प्रशासन के मुताबिक, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन हालात में विभिन्न विभागों और एजेंसियों की तैयारियों, आपसी तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है। मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड अलर्ट जारी होने पर सिविल डिफेंस की टीम जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को सूचना देगी। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आपात स्थिति से निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
देहरादून में इन तीन स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल
नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के लिए राजधानी देहरादून में तीन स्थानों का चयन किया गया है। इनमें चकराता रोड स्थित कैपरी ट्रेड सेंटर, रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल और रायपुर रोड स्थित DEAL शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सिविल डिफेंस की टीमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास करेंगी।
रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन
मॉक ड्रिल के तहत रात 10:05 बजे लगातार दो मिनट तक सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके बाद करीब 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। दूसरा सायरन ऑल क्लियर का संकेत होगा, जिसका मतलब है कि अभ्यास समाप्त हो गया है और स्थिति सामान्य है।
सायरन की आवाज सुनकर न घबराएं, प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन सुनकर घबराएं नहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह किसी वास्तविक हमले या खतरे का संकेत नहीं है, बल्कि पहले से निर्धारित सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा है।
देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि रात 10:05 बजे बजने वाला सायरन एयर रेड अलर्ट और करीब 10:30 बजे बजने वाला सायरन ऑल क्लियर का संकेत देगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की है।








