एफएनएन, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। इस विधेयक में लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके तहत लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने की चर्चा है। यह फैसला संसद के विशेष सत्र से कुछ दिन पहले लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को भी मंजूरी दे दी है। इसे अगले सप्ताह शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला आरक्षण विधेयक के प्रावधानों और परिसीमन के बाद राज्यों के प्रतिनिधित्व पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि विधेयक में कुछ संशोधन भी किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो।
संसद के विशेष सत्र में पेश हो सकता है विधेयक
सरकार की योजना सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को आगे बढ़ाने की है। इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान सरकार ने यह विधेयक पेश किया था, लेकिन लोकसभा में इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
अब सरकार का दावा है कि उसके पास विधेयक पारित कराने के लिए पर्याप्त सांसदों का समर्थन है। हालांकि, संविधान संशोधन से जुड़े विधेयक को संसद के दोनों सदनों में पारित कराने के लिए विशेष बहुमत यानी प्रत्येक सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है।
बीजेपी जारी कर सकती है सांसदों के लिए व्हिप
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी कर सकती है। इसके जरिए लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को संसद की आगामी बैठकों के दौरान सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया जाएगा।
वहीं, महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच भी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की ओर से विधेयक का समर्थन किए जाने की उम्मीद है। दूसरी तरफ, विपक्षी INDIA गठबंधन इस विधेयक के विरोध में है। गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा हिस्सा 30 नवंबर से शुरू होगा और इसके 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।
हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक संसद के आगामी सत्र का पूरा विधायी एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसके बावजूद परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। संसद का पिछला सत्र मानसून सत्र था, जो 13 अगस्त को समाप्त हुआ था।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर बीजेपी की नजर
इसी बीच दिल्ली के पूसा परिसर में शुक्रवार और शनिवार को बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य प्रभारियों की दो दिवसीय बैठक भी आयोजित की जा रही है। बैठक का उद्देश्य आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करना और पार्टी संगठन तथा सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा समेत पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। इन बैठकों में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, सदस्यता अभियान को गति देने और चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने पर जोर दिए जाने की संभावना है।
नई संगठनात्मक टीम के कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ यह दूसरी बैठक बताई जा रही है। एक तरफ संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं, वहीं दूसरी ओर बीजेपी आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों में जुटी है।








