एफएनएन, हरिद्वार : Kartik Purnima के पावन अवसर पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह होते ही हरकी पैड़ी समेत शहर के तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ब्रह्म मुहूर्त से ही देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजते रहे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।
हरकी पैड़ी पर सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरकी पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने स्नान कर मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
घाटों और बाजारों में पुलिस की कड़ी निगरानी
स्नान पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की स्थिति पर नजर रख रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान करने में परेशानी न हो और आवाजाही सुचारु बनी रहे। इसके अलावा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। वहीं, भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय के बाद देवताओं ने पृथ्वी पर आकर पवित्र नदियों में स्नान किया और दीप प्रज्वलित किए थे।
गंगा स्नान के साथ दान और दीपदान का विशेष महत्व
पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना विशेष फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस समय पवित्र नदियों में स्नान करने से देवताओं के साथ स्नान करने के समान पुण्य मिलता है। गंगा स्नान के बाद गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान करना शुभ माना गया है। इसके साथ ही 360 बत्तियों वाला दीप जलाने की भी धार्मिक परंपरा है। मान्यता है कि इससे पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन स्नान, दान और दीपदान करने से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
यातायात व्यवस्था में भी किया गया बदलाव
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। वहीं, हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है, ताकि स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरकी पैड़ी समेत हरिद्वार के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और स्नान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं में जुटी हैं।








