एफएनएन, नई दिल्ली/पिथौरागढ़ : भारत और नेपाल के बीच सीमा पार कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से भारत-नेपाल सीमा पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण किया। इसके साथ ही चंपावत के बनबसा में निर्मित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का भी उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच व्यापार, परिवहन और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में धारचूला और नेपाल के दार्चुला के बीच काली नदी पर करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से इस मोटर पुल का निर्माण किया गया है। पुल शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को सीधा सड़क संपर्क मिलेगा। इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
200 किलोमीटर तक का अतिरिक्त सफर होगा कम
छारछुम मोटर पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक धारचूला और दार्चुला के आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे तक पहुंचने के लिए बनबसा के रास्ते करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता था।
पुल के चालू होने से धारचूला, बलुवाकोट और आसपास के भारतीय सीमावर्ती इलाकों का नेपाल के दार्चुला और सुदूरपश्चिम प्रदेश से सीधा सड़क संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों का समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे।
110 मीटर लंबा और 10.5 मीटर चौड़ा है पुल
काली नदी पर बनाए गए छारछुम मोटर पुल की लंबाई करीब 110 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर है। इसमें 7.5 मीटर चौड़ा सड़क मार्ग बनाया गया है। भारत सरकार की वित्तीय सहायता से लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना को पूरा किया है।
परियोजना को जनवरी 2022 में केंद्र सरकार से मंजूरी मिली थी। इसके बाद 1 फरवरी 2022 को भारत और नेपाल के बीच पुल निर्माण को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों ने 19 सितंबर 2022 को एक साथ परियोजना का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य अगस्त 2022 में शुरू हुआ और वर्ष 2024 में पुल का मुख्य ढांचा तैयार हो गया था।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
छारछुम मैत्री पुल को सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से भारत और नेपाल के बीच स्थानीय उत्पादों, कृषि उपज और अन्य व्यापारिक वस्तुओं का आदान-प्रदान आसान होगा।
नेपाल के सुदूरपश्चिम क्षेत्र के व्यापारियों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं भारतीय व्यापारियों के लिए भी नेपाल के बाजारों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
बनबसा के बाद उत्तराखंड में दूसरा महत्वपूर्ण मोटर पुल
भारत-नेपाल सीमा पर उत्तराखंड में बनबसा के बाद छारछुम दूसरा महत्वपूर्ण मोटर पुल है। सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी इस परियोजना को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम क्षेत्र को नेपाल के दार्चुला जिले की महाकाली नगरपालिका के असिगड़ा क्षेत्र से जोड़ता है। दोनों देशों के बीच यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और मैत्री का प्रतीक भी है।
बालेन शाह बोले- व्यापार और आवाजाही होगी आसान
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि भारत और नेपाल ने धारचूला में रोड ब्रिज का उद्घाटन किया है और बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी है। इसके अलावा नेपाल की ओर दोधारा चांदनी में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के विकास कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही पहले से अधिक आसान होगी। भारत और नेपाल के रिश्ते साझे इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे संबंधों से जुड़े हैं। भगवान राम और देवी सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। – बालेन शाह, प्रधानमंत्री नेपाल
पीएम मोदी ने नेपाल में बाढ़ से हुई मौतों पर जताया दुख
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तांदी नृत्य से हुआ नेपाली प्रधानमंत्री का स्वागत
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। उनके स्वागत में पारंपरिक तांदी नृत्य प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने जौनसारी लोकगीत और नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।
तांदी नृत्य प्रस्तुत करने वाली टीम के सदस्य मंथन नेगी ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड का पारंपरिक लोक नृत्य पेश किया, जिसे तांदी और जौनसारी गीत-नृत्य के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देकर पूरी टीम काफी खुश है।







