एफएनएन, देहरादून : Harish Dhami उत्तराखंड में धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखकर सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। विधायक ने इसे अपने खिलाफ साजिश बताते हुए पुराने गनर को दोबारा बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पुराना गनर वापस नहीं दिया जाता है तो उन्हें नए गनर की भी आवश्यकता नहीं है।
गनर बदले जाने पर विधायक ने जताई नाराजगी
हरीश धामी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनकी सुरक्षा में बदलाव किया गया है। उन्होंने राज्यपाल को भेजे पत्र में आशंका जताई कि नए गनर की तैनाती के पीछे उनकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी सरकार तक पहुंचाने का उद्देश्य हो सकता है। विधायक ने यह भी आशंका जताई कि उनकी जान को खतरा हो सकता है।
उन्होंने राज्यपाल से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने और पुराने गनर को फिर से उनकी सुरक्षा में तैनात करने का अनुरोध किया है। विधायक का कहना है कि नए गनर की मौजूदगी से उनकी निजता प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की होगी।
सोशल मीडिया पर भी सरकार पर साधा निशाना
विधायक हरीश धामी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध नहीं है। उनका कहना है कि धारचूला की जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय समस्याओं को उठाना एक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव को चिंताजनक बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना हर जनप्रतिनिधि का अधिकार है। उनके मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक दबाव या प्रतिशोध का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस मामले में हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षा से जुड़े पुराने इंतजाम बहाल करने के निर्देश देंगे।
जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद बढ़ा सियासी तनाव
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का शुभारंभ किया था। इस दौरान मेला समिति के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का मौका नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया।
इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर जमकर हंगामा हुआ और कुर्सियों के साथ माइक भी क्षतिग्रस्त किए गए। मामले में पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया था। बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई।
जौलजीबी मेले से शुरू हुआ यह विवाद अब विधायक की सुरक्षा में बदलाव को लेकर राजनीतिक तकरार में बदल गया है। फिलहाल हरीश धामी ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर पुराने गनर की बहाली की मांग की है।







