एफएनएन, उत्तरकाशी: Chardham Yatra महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आए 72 यात्रियों के दल और यात्रा संचालित कर रही टूर एजेंसी के बीच भुगतान को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने के बाद दोनों पक्ष उत्तरकाशी कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों की बात सुनकर विवाद को शांत कराया। इसके बाद सहमति बनने पर यात्री अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए।
26 सितंबर को हरिद्वार से शुरू की थी यात्रा
यात्रियों के मुताबिक, उन्होंने 26 सितंबर को हरिद्वार से नौ दिन की चारधाम यात्रा के लिए एक ट्रैवल एजेंसी से बुकिंग कराई थी। यात्रा को लेकर तय शर्तों के अनुसार पूरा भुगतान यात्रा समाप्त होने के बाद किया जाना था।
यात्रियों ने बताया कि अभी तक उन्होंने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन किए हैं, जबकि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा अभी बाकी है।
70 फीसदी भुगतान के बाद बाकी रकम को लेकर विवाद
यात्रियों का आरोप है कि यात्रा पूरी होने से पहले ही एजेंसी की ओर से पूरा भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा था। यात्रियों के अनुसार, अब तक करीब 70 फीसदी राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके बावजूद शेष भुगतान को लेकर दबाव बनाए जाने से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
मामला इतना बढ़ा कि यात्रियों का दल उत्तरकाशी कोतवाली पहुंच गया और पुलिस के सामने अपनी बात रखी।
पुलिस की बातचीत के बाद सुलझा मामला
पुलिस ने यात्रियों और टूर एजेंसी, दोनों पक्षों की बात सुनी। बातचीत के दौरान विवाद को शांत कराया गया और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाई गई। इसके बाद यात्री आगे की चारधाम यात्रा के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने दी मामले की जानकारी
कोतवाली निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि यात्रियों और टूर एजेंसी के बीच भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद मामले को सुलझा लिया गया है। इसके बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।








