एफएनएन, पिथौरागढ़ : Pithoragarh जिले में पुलिस और एसओजी की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40.78 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों मैदानी क्षेत्र से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे और इसे आगे बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय से स्मैक खरीदने और बेचने के काम में शामिल थे। बताया गया कि दोनों मैदानी क्षेत्रों में जाकर एक साथ होटल में ठहरते थे।
घाट चौकी के पास चेकिंग में पकड़े गए
पुलिस और एसओजी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक और महिला कार से मैदानी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर पिथौरागढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान टीम ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, कार रुकते ही चालक युवक नीचे उतरकर भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
इसके बाद कार की तलाशी ली गई। कार में एक महिला भी मौजूद थी और डैशबोर्ड से 40.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
हिमांशु और ज्योत्सना की हुई पहचान
गिरफ्तार युवक की पहचान पिथौरागढ़ नगर के पूल्ड आवास, टकाना निवासी 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान मदली तल्ली, चंपावत निवासी 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों यूएसनगर के झनकट क्षेत्र से स्मैक खरीदकर ला रहे थे। आरोप है कि वे खुद स्मैक का इस्तेमाल करने के साथ ही इसे युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।
महिला पर बच्चे के हितों की अनदेखी का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला का चार साल का मासूम बच्चा भी है। इसके बावजूद वह बचपन के साथी युवक के साथ कथित तौर पर स्मैक तस्करी में शामिल थी। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान थी और इसी दौरान दोनों ने मिलकर नशे के कारोबार में कदम रखा।
जेल भेजे गए दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
स्मैक की पूरी सप्लाई चेन की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने 40.78 ग्राम स्मैक आखिर किससे खरीदी थी और इसे पिथौरागढ़ में किन लोगों को बेचने की योजना थी। जांच के दौरान सप्लायर से लेकर संभावित खरीदारों तक पूरी चेन खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।








