एफएनएन, रामनगर : Ramnagar में युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार को रोककर उसके शीशे तोड़े और इसके बाद गोपाल अधिकारी के साथ मारपीट की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि के लिए जांच कर रही है।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल गोपाल अधिकारी को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
ट्रांसपोर्ट नगर से कोसी बैराज जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, रामनगर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी अपनी कार संख्या UK 06 AW 7879 से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय से कोसी बैराज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनका पीछा किया और रास्ते में कार को रोक लिया।
आरोप है कि कार रुकते ही हमलावरों ने ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद गोपाल अधिकारी पर पत्थर से हमला किया गया और उनके साथ मारपीट की गई। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
भीड़ जुटने पर फरार हुए आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल गोपाल अधिकारी का काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







