एफएनएन, हल्द्वानी : Haldwani भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार से हल्द्वानी में शुरू हो रही है। रामपुर रोड स्थित एक होटल में सुबह 10 बजे से होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष और महामंत्री के साथ ही विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
दिनभर हल्द्वानी में रहेंगे मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को पूरे दिन हल्द्वानी में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 10:25 बजे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। दोपहर 3:10 बजे वह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। पार्टी से जुड़े इन सभी कार्यक्रमों का आयोजन हल्द्वानी में ही किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री की गैरमौजूदगी पर चर्चा
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति से पहले सबसे ज्यादा चर्चा प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री संगठन की मौजूदगी को लेकर है। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और महामंत्री संगठन अजेय कुमार बैठक में शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से पत्रकार वार्ता के दौरान भी इस संबंध में सवाल किया गया था। उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय इतना कहा कि प्रदेश प्रभारी बैठक में मौजूद रहेंगे।
उत्तराखंड में फिलहाल नहीं है नया संगठन महामंत्री
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 18 अगस्त को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात समेत कई चुनावी राज्यों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। हालांकि उत्तराखंड के लिए नए प्रदेश प्रभारी की घोषणा नहीं की गई।
वहीं, उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को एक जून 2026 को राजस्थान में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद उत्तराखंड में अभी तक नए प्रदेश महामंत्री संगठन की नियुक्ति नहीं हुई है।
पहली बार दोनों पदों की गैरमौजूदगी में बैठक की संभावना
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री संगठन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। बैठक में उठने वाले राजनीतिक मुद्दों, संगठन की स्थिति और प्रदेश के हालात की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने में इन दोनों पदों की अहम भूमिका रहती है।
ऐसे में यदि प्रदेश कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री संगठन दोनों ही मौजूद नहीं रहते हैं, तो यह उत्तराखंड भाजपा के लिए एक असामान्य स्थिति होगी। हालांकि पार्टी की ओर से प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी की बात कही गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि कार्यसमिति की बैठक में कौन-कौन से संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दे उठते हैं और केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रदेश संगठन को लेकर क्या दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।








