एफएनएन, देहरादून : चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू की जाएगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की अनुमति मिलने के बाद हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर से शुरू होगी।
आईआरसीटीसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से वेबसाइट के माध्यम से हेली टिकट बुक कर सकेंगे। फिलहाल 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध होंगे।
इस यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने के साथ ही गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से हेली सेवा शुरू की गई थी। हालांकि मानसून के दौरान खराब मौसम और सुरक्षा को देखते हुए DGCA ने 25 जून से हेली सेवा पर रोक लगा दी थी।
अब चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के लिए DGCA की टीम ने संबंधित हेलीपैड और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद सेवा दोबारा संचालित करने की अनुमति दे दी है।
यूकाडा के CEO प्रतीक जैन के अनुसार, गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से नौ एविएशन कंपनियां केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित करेंगी। यात्रा के दूसरे चरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, ऐसे में हेली सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।








