एफएनएन, श्रीनगर : Srinagar Airport जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान इंडिगो का एक विमान VDGS पोल से टकरा गया। हादसा उस समय हुआ जब विमान को पार्किंग बे में खड़ा किया जा रहा था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
पार्किंग के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9:02 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट के बे नंबर 06 पर पार्किंग कर रही थी। इसी दौरान विमान VDGS यानी विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल से टकरा गया। बताया गया है कि इस पोल पर डिस्प्ले यूनिट के साथ लेजर या कैमरा सेंसर भी लगे हुए थे।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को उतारने के लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह
अधिकारियों ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी और परिस्थितियों की जांच तय प्रक्रिया के तहत की जाएगी। जांच पूरी होने से पहले हादसे की वास्तविक वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया गया है और विमानों की आवाजाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
एक दिन पहले भी बदला गया था इंडिगो विमान का रूट
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 का रूट मस्कट की ओर मोड़ना पड़ा था। बताया गया कि फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड ने अस्वस्थ महसूस किया था और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। मस्कट में विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने पायलट की जांच की और बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। एयरलाइन के मुताबिक, उनकी तबीयत अब बेहतर है।
यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया
इंडिगो ने यात्रियों की यात्रा आगे जारी रखने के लिए बेंगलुरु से मस्कट एक दूसरा विमान और नई क्रू टीम भेजी। एयरलाइन ने बताया कि मस्कट में इंतजार कर रहे यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और लगातार अपडेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस तरह लगातार दो दिनों में इंडिगो की दो अलग-अलग उड़ानों से जुड़ी घटनाएं सामने आने के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।








