एफएनएन, मसूरी : Mussoorie के लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां घूमने आए 20 वर्षीय युवक अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान शिवम, उम्र 20 वर्ष, पुत्र अजय निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। शिवम मसूरी घूमने के लिए आया था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था।
इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना के संबंध में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक अचानक किस तरह व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।








