एफएनएन, उत्तराखंड:Uttarakhand में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्य के लगभग 79 लाख 76 हजार मतदाताओं के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत गणना प्रपत्रों का प्रिंट तैयार कर सभी जिलों को भेज दिया गया है।
8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण करेंगे और 7 जुलाई तक इन्हें भरवाकर वापस एकत्र करेंगे। इसी दिन मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी किया जाएगा।
इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पर दावे और आपत्तियां 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दर्ज कराई जा सकेंगी। जिन प्रपत्रों में दी गई जानकारी से निर्वाचन अधिकारी संतुष्ट नहीं होंगे, उन्हें 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच नोटिस भेजकर सत्यापन और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी की जाएगी।
गणना प्रपत्र में मतदाता का वर्तमान EPIC नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र की जानकारी और QR कोड शामिल होगा। साथ ही 2003 की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी, जैसे नाम, EPIC नंबर, जिला, राज्य और विधानसभा विवरण।
इसके अलावा जन्मतिथि, आधार नंबर (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर, माता-पिता या पति/पत्नी का नाम और उनके EPIC नंबर जैसी जानकारी भी भरनी होगी। मतदाता को अपनी फोटो और हस्ताक्षर के साथ यह फॉर्म BLO को जमा करना होगा। यह फॉर्म ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगा, जिसे डाउनलोड कर भरकर जमा किया जा सकेगा।







