एफएनएन , नैनीताल : उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सिंचाई विभाग के ग्रुप-D कर्मचारियों के पक्ष में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत की खंडपीठ ने कर्मचारियों को प्रोन्नत वेतनमान देने के एकलपीठ के आदेश को सही मानते हुए राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज कर दी है। इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिली है, जिन्होंने 14 साल की संतोषजनक सेवा पूरी करने के बाद अगले उच्च पद यानी ग्रुप-C के वेतनमान का लाभ मांगा था।
यह आदेश कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने पारित किया।
14 साल की सेवा के बाद मांगा था उच्च वेतनमान
मामले के अनुसार, भगत सिंह और अन्य कर्मचारियों ने 2 दिसंबर 2000 को जारी शासनादेश के आधार पर प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। संबंधित शासनादेश में प्रावधान था कि 14 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को अगले उच्च पद यानी ग्रुप-C का वेतनमान दिया जाएगा।
हालांकि, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता ने 23 अगस्त 2005 और 19 जुलाई 2007 को जारी शासनादेशों का हवाला देते हुए कर्मचारियों के प्रत्यावेदन खारिज कर दिए थे। इसके बाद कर्मचारियों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
एकलपीठ के फैसले को सरकार ने दी थी चुनौती
इस मामले में हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 20 जुलाई 2018 को कर्मचारियों की याचिका स्वीकार करते हुए उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। राज्य सरकार ने इस आदेश से असहमति जताते हुए विशेष अपील दायर की और एकलपीठ के निर्णय को चुनौती दी।
मामले की सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कर्मचारियों की प्रोन्नत वेतनमान संबंधी पात्रता और उस समय लागू शासनादेशों पर विचार किया।
पात्रता की तारीख पर लागू नियम ही होंगे मान्य
खंडपीठ ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी को प्रोन्नत वेतनमान देने की पात्रता उस शासनादेश के अनुसार निर्धारित होगी, जो उसके पात्र होने की तारीख पर लागू था। अदालत ने पाया कि अधिकांश कर्मचारी उत्तराखंड राज्य के गठन यानी 9 नवंबर 2000 से पहले ही 14 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके थे।
वहीं, याचिकाकर्ता संख्या छह ने 31 दिसंबर 2004 को निर्धारित सेवा अवधि पूरी की थी। ऐसे में बाद में जारी शासनादेशों के आधार पर कर्मचारियों के पहले से अर्जित अधिकारों को समाप्त नहीं किया जा सकता।
राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के अधिवक्ता ने भी यह स्वीकार किया कि प्रोन्नत वेतनमान का लाभ कर्मचारी को उसकी पात्रता की तारीख से मिलता है, भले ही संबंधित आदेश बाद में जारी किया गया हो।
इस आधार पर हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एकलपीठ के 20 जुलाई 2018 के फैसले को बरकरार रखा और राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज कर दी। इससे सिंचाई विभाग के संबंधित ग्रुप-D कर्मचारियों के प्रोन्नत वेतनमान के दावे को न्यायिक समर्थन मिला है।








