03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Uttarakhand Cabinet के 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार रुपये हुआ; पीजी डॉक्टरों पर भी लागू होगा बॉन्ड

एफएनएन, उत्तराखंड : Uttarakhand Cabinet मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कैबिनेट ने कुल 23 प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगाई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद उन्हें हर महीने 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

कैबिनेट बैठक में खनन रॉयल्टी की दरों में बढ़ोतरी नहीं करने का भी फैसला लिया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य, रोजगार, शहरी विकास, वन सेवा, पेयजल और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक अहम मानी जा रही है। सरकार और संगठन चुनावी तैयारियों में जुटे हैं और सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी कर चुकी है।

आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर 10 हजार रुपये हुआ

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी है। अभी तक आशा कार्यकर्ताओं को 8300 रुपये मानदेय दिया जा रहा था, जो अब बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को स्वीकृति मिली है। इस नियमावली में संगठित क्षेत्र के कर्मकारों के साथ असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया गया है।

पीजी डॉक्टरों को दो साल तक राज्य में देनी होंगी सेवाएं

पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के उद्देश्य से कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) करने वाले विद्यार्थियों को दो साल का बॉन्ड भरना होगा। पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद इन डॉक्टरों को दो साल तक उत्तराखंड में अपनी सेवाएं देनी होंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य फैसलों में ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी फार्मासिस्ट के पद पर भर्ती के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है।

हरिद्वार में 21 किलोमीटर का बनेगा पीआरटी सिस्टम

कैबिनेट ने हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके लिए करीब 21.08 किलोमीटर का रूट निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के तहत कुल 21 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा भवन के उपयोग के आधार पर भूखंड क्षेत्रफल की सीमा का वर्गीकरण करते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि विनियम, 2011 के मानकों में स्थलीकरण की अनुमति देने का फैसला लिया गया है। महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन के लिए निर्धारित शुल्क की दरों को भी कम करने की मंजूरी दी गई है।

बापू ग्राम और बिंदुखत्ता के लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में कदम

बापू ग्राम, बिंदुखत्ता सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में लंबे समय से वन भूमि पर रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में कैबिनेट ने अहम निर्णय लिया है। इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने से संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई है।

इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बसे लोगों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति इस संबंध में आगे की प्रक्रिया और नीति के प्रस्ताव पर काम करेगी।

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी

राज्य की चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान आर्थिक सुविधा देने के लिए सरकार ने 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। इससे चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने में मदद मिलेगी और पेराई सत्र के दौरान उनकी वित्तीय जरूरतें पूरी करने में सहूलियत होगी।

वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष

उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 में संशोधन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। वर्तमान में वन आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित थी। अब इसे बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है।

यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक होने वाली सीधी भर्तियों के लिए लागू होगी। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले

बैठक में कई अन्य विभागों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं:

  • उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी।

  • प्रदेश में निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से NHIDCL को हटाने का निर्णय।

  • सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को स्वीकृति।

  • आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों सहित कुल 11 पदों के सृजन को मंजूरी।

  • जिला खनिज फाउंडेशन में न्याय शुल्क के रूप में दिए जाने वाले अंशदान और क्षतिपूर्ति शुल्क में बदलाव।

  • चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ देने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी।

  • उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक और राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली तैयार करने के लिए उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को मंजूरी।

  • उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान कर्मचारियों की सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को स्वीकृति।

  • उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 में संशोधन को मंजूरी।

  • उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को स्वीकृति।

  • विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान को मंजूरी।

कैबिनेट की इस बैठक में लिए गए फैसलों का असर स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, शहरी परिवहन, वन क्षेत्र में भर्ती और लंबे समय से बसे लोगों से जुड़े मुद्दों पर पड़ने की उम्मीद है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img