एफएनएन , रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में बाइक सवार युवकों द्वारा एक रिटायर्ड कर्नल और उनके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने पहले उनकी कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए वाहन नहीं रोका। इसके बाद आरोपियों ने कार का पीछा कर परिवार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है। वहीं, वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बिगवाड़ा मोड़ पर कार रोकने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर की पामल कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड कर्नल अपने परिवार के साथ गदरपुर से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिगवाड़ा मोड़ के पास बाइक सवार कुछ युवकों ने उनकी कार को रोकने का प्रयास किया। अचानक रास्ते में युवकों की इस हरकत को देखकर परिवार को किसी अनहोनी की आशंका हुई। ऐसे में चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ाना बेहतर समझा।
पीछा कर परिवार को घेरा, कार में की तोड़फोड़
पीड़ित पक्ष के आरोपों के अनुसार, कार नहीं रुकने पर बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने परिवार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने कार को भी निशाना बनाया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग दहशत में आ गए।
परिवार का आरोप है कि युवकों ने लूट के इरादे से पहले कार रुकवाने की कोशिश की थी। जब वे अपने मकसद में सफल नहीं हुए तो पीछा कर इस वारदात को अंजाम दिया।
सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
घटना के बाद पीड़ित परिवार रुद्रपुर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि वारदात सोसायटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
सीओ सिटी ने कही कार्रवाई की बात
सीओ सिटी रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







