03
Gemini_Generated_Image_yb399pyb399pyb39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 9.45.28 AM
previous arrow
next arrow
Shadow

Rudrapur में दो सनसनीखेज वारदातें : चाकू से हमला कर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, पिता ने बेटे के सिर पर सरिया मारकर किया लहूलुहान

एफएनएन, रुद्रपुर : Rudrapur उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दो अलग-अलग सनसनीखेज घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेशमबाड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। वहीं, दूसरी घटना में इंदिरा कॉलोनी में एक पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर लोहे के सरिये से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेशमबाड़ी में चाकू से हमला कर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या

रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में बीती शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय लीलाधर पुत्र बिहारी लाल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तो घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि युवकों की हरकतों को देखकर लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस बात को लेकर युवकों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। भांजे को पिटता देख लीलाधर भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे।

बीच-बचाव करने पर चार लोगों पर चाकू से हमला

आरोप है कि युवकों ने लीलाधर की बातों से नाराज होकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल के साथ-साथ रामअवतार पुत्र जौहरी लाल और अनुज पुत्र सुखदेव को भी निशाना बनाया। चाकू से हुए हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राहुल, रामअवतार और अनुज का उपचार शुरू किया गया।

एसपी सिटी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इंदिरा कॉलोनी में पिता ने बेटे पर सरिये से किया हमला

रुद्रपुर में दूसरी घटना इंदिरा कॉलोनी से सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे पर लोहे के सरिये से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पिता सुरेश ने बेटे अनिल के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए। इस हमले में अनिल के सिर पर तीन जगह गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को इंदिरा कॉलोनी निवासी अनिल, जो शादी-विवाह और पार्टियों की एल्बम बनाने का काम करता है, पर उसके पिता सुरेश ने कथित तौर पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सरिया बरामद

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया गया।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पिता ने बेटे पर हमला क्यों किया। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

आरोपी पिता की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी के मुताबिक, घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपी सुरेश की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रुद्रपुर में एक ही सप्ताह के भीतर सामने आई इन दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। एक ओर चाकूबाजी में सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। अब पुलिस के सामने दोनों मामलों के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।

Hot this week

Topics

Dehradun में बुजुर्ग दंपती के घर 12 लाख की लूट का खुलासा, केयरटेकर ही निकला मास्टरमाइंड

एफएनएन, देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुजुर्ग...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img