एफएनएन, देहरादून : Girdhari Sahu उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी साहू के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत को लेकर बयान दिया है। अस्पताल में भर्ती मंत्री ने कहा कि शादी से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि गिरधारी साहू पहले से शादीशुदा हैं। उन्होंने कहा कि महिला के सम्मान और बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें जो उचित लगा, उन्होंने वही कदम उठाया।
रेखा आर्य ने उम्मीद जताई कि पुलिस इस मामले में भी उन्हें न्याय दिलाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस एक सामान्य महिला की शिकायत पर कार्रवाई कर उसे न्याय दिलाने का प्रयास करती है, उसी तरह उन्हें भी न्याय मिलेगा।
10 सदस्यीय एसआईटी करेगी मामले की जांच
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम पूरे मामले की जांच करेगी।
रेखा आर्य ने कैंट थाने में अपने पति गिरधारी साहू के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, दस्तावेजों पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने का षड्यंत्र रचने के आरोप शामिल किए हैं।
मंत्री ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि उनके पति पहले से विवाहित हैं और उनके विवाहेत्तर संबंध भी हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति पर प्रताड़ना और दस्तावेजों में फर्जीवाड़े के आरोप
रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए दस्तावेजों पर कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिलहाल ये आरोप जांच के दायरे में हैं। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और घटनाक्रम से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसआईटी जुटा रही साक्ष्य, स्वास्थ्य ठीक होने पर दर्ज होंगे बयान
एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के अनुसार, जांच टीम मामले से जुड़ी सभी जानकारियां और साक्ष्य एकत्र कर रही है। रेखा आर्य का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सके।
जांच टीम सभी संबंधित तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
इस मामले में गिरधारी साहू का एक ऑडियो भी वायरल होने की बात सामने आई है। एसआईटी ने इस ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच के जरिए ऑडियो की प्रामाणिकता और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल एसआईटी शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित दस्तावेजों, वायरल ऑडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।







