एफएनएन, देहरादून : DBS PG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के बाद शुरू हुआ NSUI और ABVP के बीच विवाद अब कॉलेज परिसर से बाहर छात्रों के कमरों तक पहुंच गया है। रायपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात कुछ युवक अपर आमवाला और मयूर विहार क्षेत्र स्थित एक कमरे में पहुंचे, जहां दो छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
कमरे में घुसकर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता राहुल धानिक के मुताबिक, वह ध्रुव धपवाल के साथ डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफलिया के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे हिमांशु कुमार, योगेश घाघट, मनवीर नेगी, सुजीत थापा, राहुल और मोनू सरदार कुछ अन्य युवकों के साथ कमरे में पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने दोनों छात्रों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। इसके बाद दोनों को अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर जबरन बैठाकर वहां से ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अलग-अलग एक्टिवा से ले जाने का आरोप
FIR के मुताबिक, मनवीर नेगी और योगेश ने राहुल को एक एक्टिवा पर बैठाया, जबकि हिमांशु और सुजीत दूसरी एक्टिवा से ध्रुव को अपने साथ ले गए।
राहुल ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसे करनपुर में बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। वहीं, ध्रुव को कथित तौर पर करनपुर स्थित ABVP के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया।
ABVP कार्यालय में मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, ध्रुव को ABVP के प्रदेश कार्यालय ले जाने के बाद उसके साथ वहां भी मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद NSUI नेता मुकेश बसेड़ा और डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफलिया ने कथित तौर पर इसका विरोध किया।
इसके बाद दोनों छात्रों को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
मामले को लेकर बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटना के क्रम और इसमें शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।








