एफएनएन, उत्तराखंड : Haldwani भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अगले सप्ताह हल्द्वानी में प्रस्तावित है। पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार 9 सितंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नितिन नवीन के दो दिवसीय कुमाऊं दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी इस दौरान कुमाऊं दौरे पर आने की संभावना है। उनका दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी और रुद्रपुर में उनके विभिन्न कार्यक्रम होने हैं। नितिन नवीन इससे पहले मई में देहरादून का दौरा कर चुके हैं।
10 सितंबर को हल्द्वानी में पूर्व सैनिक और रुद्रपुर में सिख सम्मेलन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 9 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। वहीं प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के अनुसार, इसी दिन कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
इसके अगले दिन यानी 10 सितंबर को हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और रुद्रपुर में सिख सम्मेलन प्रस्तावित है। पार्टी इन कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
उत्तराखंड में भाजपा ने इस साल संगठनात्मक गतिविधियों और शीर्ष नेतृत्व के दौरों पर खासा फोकस किया है। लगातार हो रहे बड़े कार्यक्रमों के बीच अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कुमाऊं दौरे को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







