एफएनएन, हल्द्वानी : हल्द्वानी के बेस अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब इलाज के लिए पहुंचे एक घायल युवक के साथी पर इमरजेंसी वार्ड के बाहर कथित तौर पर दोबारा हमला कर दिया गया। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात के दौरान मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ठंडी सड़क क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर भी अस्पताल पहुंच गए और घायल युवक के साथ आए उसके साथी अनुज कुमार पर इमरजेंसी के बाहर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सामने आए वीडियो में अस्पताल के कर्मचारियों, मरीजों और तीमारदारों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पुलिस बोली – तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा, सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि अस्पताल में दो गुटों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल तहरीर मिलने की प्रक्रिया जारी है और शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की हिंसक घटनाएं गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत हैं। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस की नियमित तैनाती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।






